देशभर के शहरों के अत्याधुनिक विकास के लिए आईआईटी बीएचयू और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हडको) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्तक्षार हुए। इसके तहत शहरी निर्माण और सतत शहरी विकास से संबंधित कई तरह के रिसर्च और तकनीकी नॉलेज साझा किए जाएंगे। बृहस्पतिवार को संस्थान में हडको केे क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार और आईआईटी के डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। अब शहरी स्थानीय निकायों और नगर निगमों के लिए क्षमता निर्माण, नीति अनुसंधान और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह सहयोग हडको की अर्बन इन्वेस्ट विंडो पहल के तहत किया गया है। हडको, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है। समझौते के दौरान हडको के संयुक्त महाप्रबंधक संजय कुमार, आईआईटी के डॉ. रबी नारायण मोहंती, डॉ. ईवी एस. किरण कुमार, उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप मौजूद रहे।