जिले के प्राथमिक स्कूलों में ई-पाठशाला फेज पांच के लिए राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। इसके तहत स्कूलों की जगह अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आज से मोहल्ला कक्षाएं चलेंगी। जहां छात्र-छात्राओं को नियमित बुलाया जाएगा और कोविड 19 प्रोटोकॉल का अनुपालन कर पढ़ाई कराई जाएगी। इसमें विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रबंध समिति के सदस्य व अभिभावकाें का विशेष सहयोग लिया जाएगा। ये पहल प्रेरणा साथी के माध्यम से शिक्षक करेंगे। मोहल्ला कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई भी जारी रहेगी। ई-पाठशाला की नई गाइडलाइन के अनुसार जो अभिभावक बच्चों को मोहल्ला कक्षाओं में नहीं भेज रहे हैं या वह नियमित नहीं हैं। ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जाएगा। इन अभिभावकों के घर प्रधानाध्यापक व शिक्षक पहुंचकर उनकी काउंसिलिंग करेंगे।