वाराणसी। मैं सिर्फ सेल्फी लेना चाहता था लेकिन नाना पाटेकर ने मुझे थप्पड़ मार दिया। उनके बाउंसर ने तो मेरी गर्दन पकड़कर और घसीटकर भगा दिया। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इससे मेरी बहुत बेइज्जती हुई है। मैं तो उनका बहुत बड़ा फैन था। अब नाना पाटेकर मेरे लिए सेलिब्रेटी नहीं रह गए हैं।
यह कहना है कि तुलसीपुर महमूरगंज निवासी राज सोनकर का। वही राज जिसे बुधवार को फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने थप्पड़ जड़ दिया था। राज ने कहा कि मैं तो गंगा स्नान के लिए दशाश्वमेध घाट गया था। लौट रहा था तो देखा कि फिल्म की शूटिंग चल रही है। नाना पाटेकर को सामने देखकर तो मुझे एक पल के लिए विश्वास ही नहीं हुआ। मैं खुद को नहीं रोक सका और एक सेल्फी लेने के लिए उनके पास चला गया। जैसे ही मैं उनके पास गया उन्होंने मुझे थप्पड़ मार दिया। उनके बाउंसर ने मुझे गले से पकड़कर वहां से भगा दिया।
नाना पाटेकर के माफी मांगने के सवाल पर राज ने कहा कि अब माफी मांगने से कुछ नहीं होगा। वीडियो वायरल होने के बाद तो मेरी खूब बेइज्जती हुई। मोहल्ले वाले भी नाराज हैं। मैंने नाना पाटेकर का माफी मांगने वाला वीडियो भी देखा। वह सरासर झूठ बोल रहे हैं। वो घटना शूटिंग का हिस्सा नहीं थी। मैं तो आम दर्शक की तरह ही सेल्फी लेने गया था। बता दें कि बुधवार को शूटिंग के दौरान नाना ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो वायरल होने के बाद जनता ने जब नाना को भला बुरा कहना शुरू कर दिया तो शाम को उन्होंने सफाई देते हुए माफी मांगने वाला वीडियो जारी किया।