शिवपुर। मजदूरी कर पत्नी को आबकारी सिपाही बनाने वाले पति को प्रताड़ित करने और धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने पति को मजदूर कहकर नीचा दिखाना शुरू कर दिया। पति को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। पति की याचिका पर वाराणसी अदालत के आदेश के बाद शिवपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। माता प्रसाद यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी मई 2011 में ममता यादव से हुई थी। मेहनत की कमाई से पत्नी को बीए, एमए और बीएड कराया। ममता को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी पूरा सहयोग दिया। ममता 2022 में प्रयागराज में आबकारी विभाग में महिला सिपाही के पद पर चयनित हुई। नौकरी मिलने के बाद ममता का रवैया बदल गया। आरोप है कि जनवरी 2024 में वह घर से 48000 रुपये और आभूषण लेकर चली गई। विरोध किया तो पद का रौब दिखाकर उसे और परिजनों को जेल भिजवाने की धमकी दी। थाने में सुनवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया। एसीजेएम के निर्देश के बाद शिवपुर पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी पत्नी ममता, ससुर नखड़ू और दो सालों आशीष व सतीश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद