वाराणसी। जिले में शीतलहर और घने कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य, वाराणसी मंडल डॉ. एनडी शर्मा ने मंडल के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पत्र जारी करते हुए कहा है कि ठंड के मौसम में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु और सक्रिय रखी जाएं। अपर निदेशक ने बताया कि हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी मंडल की रैंकिंग प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। जिलेवार रैंकिंग में वाराणसी तीसरे, चंदौली 19वें, जौनपुर 20वें और गाजीपुर 62वें स्थान पर है। उन्होंने सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि विशेषकर गाजीपुर जनपद आगामी 10 दिनों में अपने प्रदर्शन में सुधार कर प्रदेश की शीर्ष 10 रैंकिंग में स्थान सुनिश्चित करे। संवाद