गोरखपुर में हुई प्रादेशिक प्रतियोगिता, बालक वर्ग में झांसी से मिली हार
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। गोरखपुर में प्रादेशिक हॉकी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने रजत और कांस्य पदक हासिल किया है। जूनियर बालक वर्ग अंडर-17 में वाराणसी मंडल की टीम ने 12 साल बाद कोई पदक हासिल किया है। जूनियर बालिका वर्ग के अंडर-17 आयु वर्ग में पहली बार टीम ने कांस्य जीता है। दोनों टीमों में विकास इंटर कॉलेज के आठ-आठ खिलाड़ी थे।
बालक वर्ग का फाइनल वाराणसी और झांसी मंडल के बीच खेला गया। झांसी ने वाराणसी को 1-0 से हराया। वाराणसी के नवीन और राजा बाबू के तेज शाॅट झांसी के गोल पोस्ट को छूते हुए बाहर चले गए। हाफ टाइम तक स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ में वाराणसी मंडल के गोलकीपर अंकित यादव ने टीम को रजत दिलवाया। झांसी ने आखिरी पल में गोल कर वाराणसी को स्वर्ण से दूर कर दिया। बालिका वर्ग में वाराणसी ने टाई ब्रेकर में प्रयागराज मंडल को 4-2 से पराजित कर कांस्य जीता। निर्धारित समय तक दोनों टीम गोल नहीं कर सकी। टाई ब्रेकर में वाराणसी की तरफ प्राची, अन्नू पाल, जाह्नवी व शिवानी ने गोल किया। वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक राम शरण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह व हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी।