लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को दिन भर चार्टर और हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट के बीच वीवीआइपी का आवागमन जारी रहा। बृहस्पतिवार को आने-जाने वाले 44 नियमित विमानों के अलावा 11 हेलीकॉप्टर और छह चार्टर विमान का एयरपोर्ट पर आवागमन रहा।
उत्तर प्रदेश में अंतिम और सातवें चरण का चुनाव बाकी है ऐसे में विभिन्न दलों के नेता पूर्वांचल की विधानसभा सीटों को अपने अपने पक्ष में करने के लिए जद्दोजहद में लगे हैं। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने भी पूर्वांचल में डाल लिया है। इस दौरान प्रधानमंत्री का विमान प्रतिदिन वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंच रहा है। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्य सभा सांसद जया बच्चन, आरएलडी नेता जयंत चौधरी सहित अन्य नेताओं का एयरपोर्ट पर आवागमन रहा। इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रही।