श्रम विभाग के ओर से बुधवार को करखियांव स्थित अमूल डेयरी परिसर में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 267 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य श्रमिकों को कार्यस्थल के पास बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं देना था। संचालन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की मेडिकल टीम और सुधा सर्जिकल हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने किया। इस दौरान अमूल डेयरी के कुल 267 श्रमिकों एवं कर्मचारियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की और दवाएं दी गई। सहायक श्रमायुक्त अविनाश चंद्र तिवारी और सहायक निदेशक (कारखाना) नवदीप कुमार श्रीवास्तव ने श्रमिकों को विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी। अविनाश चंद्र तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट विस्तारीकरण स्थल पर शिविर लगेगा।