हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के यूजी-पीजी और विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा की तिथियां शुक्रवार को निर्धारित हो गईं। 21, 28 जुलाई और चार अगस्त को स्नातक, स्नातकोत्तर और विधि प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए परीक्षाएं कराई जाएंगी। तीनों परीक्षाएं तीन-तीन पालियों में होंगी। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि इन तीनों तिथियों में से किस दिन किस पाठ्यक्रम की परीक्षा कराई जाएगी।
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यूजी-पीजी की 2567 सीटों के लिए 20 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन चल रहा है। 10 जुलाई अंतिम तिथि तक 10 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। सेमेस्टर परीक्षाओं के कारण महाविद्यालय प्रवेश परीक्षा की तिथियां निर्धारित नहीं कर पा रहा था। शुक्रवार को प्रवेश समिति की बैठक में प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर की अध्यक्षता में प्रवेश परीक्षा के लिए 21 जुलाई, 28 जुलाई और चार अगस्त की तिथियों पर स्नातक, स्नातकोत्तर और विधि पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा कराने पर मुहर लग गई, लेकिन अभी यह तय नहीं हो पाया है कि किस तिथि पर किस पाठ्यक्रम की परीक्षा कराई जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि तय तिथि पर तीनों पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षाएं तीन पालियों में कराई जाएंगी। प्रथम पाली में सुबह 8:00 से 10:00 बजे, द्वितीय पाली में 12:00 से 2:00 बजे और तृतीय पाली में शाम 4:00 से 6:00 बजे तक प्रवेश परीक्षाएं होंगी।