ज्ञानवापी प्रकरण : पर्यावरणविद के प्रार्थना पत्र पर 4 मई को होगी सुनवाई
वाराणसी। सिविल जज सीनियर डिविजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में मंगलवार को पर्यावरणविद प्रभु नारायण की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई की अगली तारीख 4 मई नियत कर दी गई। इस मामले में ज्ञानवापी परिसर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक, मां शृंगार गौरी, भगवान गणेश, हनुमान समेत दृश्य व अदृश्य देवी-देवताओं के नियमित दर्शन-पूजन और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए वहां बनी मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाने की मांग की गई है। इसमें प्रतिवादी पक्ष की ओर से आपत्ति दाखिल की जानी है। इसमें प्रतिवादी की ओर से एक अर्जी दी गई थी कि वादी द्वारा दाखिल दावे में जो साक्ष्य दर्शाया गया है, उसे उपलब्ध कराया जाए। इस पर वादी के अधिवक्ता ने आपत्ति करते हुए कहा कि जो भी साक्ष्य दर्शाया गया है, वो सार्वजनिक है और कही भी उपलब्ध हो सकता है। इस अर्जी पर दोनों पक्ष को सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है।