रामपुर। रामपुर बाजार में शनिवार की शाम जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार ने सराफा व्यवसायी, पूर्व प्रधान व भाजपा नेता की दुकान सीएल ज्वेलर्स पर रसीद एवं ज्वेलरी के एक-एक सामान की जांच की। सर्वे की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। कमिश्नर ने बताया कि यहां लाखों रुपये की कमी पकड़ी गई है। हालांकि जांच के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है
वाराणसी से जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार शनिवार की शाम टीम के साथ रामपुर बाजार स्थित सीएल ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे। यह दुकान रामपुर के पूर्व प्रधान, भाजपा नेता, सराफा व्यवसायी छेदीलाल जायसवाल की है।
टीम ने दुकान में गद्दी पर बैठे छेदीलाल जायसवाल व उनके कर्मचारियों को अपनी निगरानी में बाहर बैठा दिया। इसके बाद एक कर्मचारी द्वारा ज्वेलरी के सामान एवं अन्य जगहों पर रखी गई रसीद एवं कागजात निकलवा कर जांच शुरू की। करीब देर रात 8:30 बजे जीएसटी टीम की जांच खत्म हुई। जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार ने बताया कि सारे कागजात का अवलोकन कर लिया गया है, इसकी जांच हो रही है। लाखों रुपये की हेराफेरी दिखाई पड़ रही है। इसकी जांच कार्यालय पहुंचने के बाद बारीकी से की जाएगी।
उधर, जांच का पता चलते ही रामपुर बाजार में बड़े-बड़े व्यापारी अपनी प्रतिष्ठानों को बंद कर फरार हो गए। देररात तक रामपुर नगर पंचायत में व्यापारियों एवं सराफा व्यवसायियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।