वाराणसी एयरपोर्ट पर लगातार दो दिन में एक करोड़ 39 लाख 17 हजार का सोना बरामद किया गया है। शारजाह से 184 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान गुरुवार रात नौ बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरा। जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को दो यात्रियों पर शक हुआ। गहनता से जांच की गई तो धातु जैसी वस्तु होने की पुष्टि हुई।
जिस पर कस्टम अधिकारियों ने दोनों यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के लिए एयरपोर्ट से वाराणसी कस्टम कार्यालय लेकर चले गए। शुक्रवार सुबह एक यात्री को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इससे पहले कस्टम की टीम ने बुधवार रात भी शारजाह से आए यात्री के बैग से 18 लाख रुपये का सोना बरामद किया था।
यात्री ने तीन ट्रॉली बैग में बारीकी से 349.5 ग्राम सोना छुपा रखा था। बरेली के लाडपुर उस्मानपुर निवासी यात्री ने चालाकी से सोना को छुपाया था। तीन अलग-अलग ट्रॉली बैग में वह सोने का रॉड बनाकर उस पर स्टील पॉलिश कराया था, ताकि चेकिंग में पकड़ा न जा सके।
इसके पूर्व अप्रैल में पटना के रहने वाले कृष्ण कुमार के पास से कस्टम टीम ने जूते के सोल में छुपाकर रखा गया 21 लाख 35 हजार रुपये का सोना बरामद किया था। उसी दिन कुशीनगर के रहने वाले हरेंद्र नामक यात्री के जूते से भी कस्टम टीम ने 26 लाख 76 हजार रुपये का सोना बरामद किया था।