पकौड़ी-जलेबी की दुकान में गैस सिलिंडर में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के महमूरगंज स्थित आरओबी के नीचे पकौड़ी-जलेबी की दुकान में सोमवार सुबह कमर्शियल गैस सिलिंडर में अचानक आग लगने की वजह से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। थोड़ा बहुत सामान जल गया।
संयोग ठीक था कि आग से सिलिंडर फटा नहीं अन्यथा बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। महमूरगंज आरओबी के नीचे ऋषि की पकौड़ी-जलेबी बनाने की दुकान है। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे अचानक गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण आग लग गई। सिलिंडर में लगी आग को देखते ही पुल के नीचे के लोगों में अफरातफरी मच गई।
बगल में ही महमूरगंज पुलिस चौकी के जवानों ने आग को देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी और डीआरएम ऑफिस की तरफ जाने वाली सड़क पर आवागमन रोक दिया। जिससे कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आग बुझने के बाद पुलिसकर्मियों ने आवागमन सामान्य रूप से बहाल कराया।