वाराणसी। लॉकडाउन के दौरान गैस सिलिंडर की कालाबाजारी करने के आरोप में बुधवार को कोतवाली पुलिस ने गायघाट क्षेत्र से 54 घरेलू सिलिंडर जब्त करते हुए तीन ट्राली मैन को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली कि गायघाट क्षेत्र में ट्राली मैन एक-एक हजार रुपये में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहे हैं। आरोप है कि लॉकडाउन होने से पूर्व ही ट्राली मैनों ने घरेलू सिलिंडरों का भंडारण कर रखा था। जिला आपूर्ति विभाग भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।कोतवाली इंस्पेक्टर महेश पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों ने सूचना दी कि गायघाट इलाके में लॉकडाउन के दौरान कुछ ट्राली मैन घरेलू गैस सिलिंडर ब्लैक कर रहे हैं। तत्काल पुलिस की टीम ने गायघाट इलाके में पहुंचकर मौके से 54 सिलिंडर जब्त कर लिया। जांच के दौरान पाया कि 1000-1000 रुपये में तीन ट्राली मैन सिलिंडर ब्लैक कर रहे थे। इसके बाद संबंधित इंडेन गैस एजेंसी के संचालक से भी पूछताछ की गई। तीनों ट्राली मैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।