24 घंटे में बढ़ गया 18 सेंटीमीटर गंगा का जलस्तर
पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही बरसात का असर गंगा पर पड़ने लगा है। पिछले तीन दिन से गंगा के जलस्तर में बढ़ाव जारी है। 24 घंटे के अंदर गंगा के जलस्तर में 18 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को गंगा के जलस्तर में 20 मिलीलीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी जारी थी। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर 58.70 मीटर दर्ज किया गया।
आंकड़ों के मुताबिक सुबह 8:30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार गंगा का जलस्तर 58.70 मीटर था। दिन में तीन बजे तक गंगा के जलस्तर में बढ़ाव की रफ्तार दो सेमी प्रतिघंटा रही और शाम को चार बजे से बढ़ाव आधा हो गया। रात नौ बजे गंगा का जलस्तर 58.85 मीटर तक पहुंच गया था। घाट की निचली सीढि़यों और मढि़यों तक पानी पहुंचने लगा है। वहीं बनारस में बढ़ाव के कारण गाजीपुर में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ाव शुरू हो गया है।