गंगा के जलस्तर में तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 51 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गंगा के जलस्तर बढ़ने के कारण अस्सी से राजघाट के बीच कई घाटों पर दुश्वारियां बढ़ गई हैं। शाम को घाट की सीढि़याें पर भी पानी चढ़ने के कारण हरिश्चंद्र और मणिकर्णिका घाट पर शवदाह में परेशानी होने लगी। नमो घाट का रैंप पूरी तरह से डूब चुका है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गंगा का जलस्तर शाम को सात बजे 65.40 मीटर दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 65.14 मीटर था और दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ाव हो रहा था। दोपहर 12 बजे जलस्तर 65.20 मीटर था और शाम को छह बजे गंगा के जलस्तर में बढ़ाव तेज हो गया और जलस्तर बढ़ने की रफ्तार तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटा हो गई थी। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती पहले से ही छत पर हो रही है और शाम को आरती के दौरान जल पुलिस श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील की। तीन अगस्त को गंगा का जलस्तर 64.89 मीटर था।