वाराणसी। टिकटॉक वीडियो बनवाने के दौरान एक युवक और अपनी मां की अंत्येष्टि के बाद एक व्यक्ति बृहस्पतिवार को गंगा में डूब गए।
आदमपुर थाना के तेलियानाला घाट पर एक युवक साइकिल पर स्टंट करके कुछ लोगों से अपना टिकटॉक वीडियो बनवा रहा था। इस दौरान साइकिल अनियंत्रित होने के कारण मढ़ी से वह गंगा में गिर गया। आदमपुर पुलिस ने युवक के पास से मिले आइडेंटिटी कार्ड के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर पुलिस ने मौके पर बुलाया। युवक की शिनाख्त नक्खीघाट निवासी सत्यनारायण चौधरी (22) के तौर पर हुई। युवक के बड़े भाई रामकिशन चौधरी ने बताया कि सत्यनारायण शाम के समय साइकिल लेकर घर से निकला था। उधर, मणिकर्णिका घाट पर अपनी मां की अंत्येष्टि में आए गोइठहां निवासी कन्नू पांडेय (50) गंगा में स्न्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। सूचना पाकर चौक थाने की पुलिस ने गोताखोरों के साथ खोजबीन शुरू कराई, लेकिन कन्नू का पता नहीं लगा।