कानपुर बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद पूर्वांचल में मिर्जापुर से बलिया तक गंगा में उफान शुरू हो गया है। बनारस में तीसरी बार गंगा घाटों का संपर्क टूटने से तटीय इलाके में रहने वाले लोगों की धुक-धुकी फिर से बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गंगा में अगले चौबीस घंटे तक बढ़ाव का अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर में दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार सुबह आठ बजे जलस्तर 63.98 मीटर दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे यह 64.02 मीटर पहुंच गया था। शाम छह बजे तक दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गंगा में बढ़ाव जारी था। छह बजे के बाद यह घटकर एक घंटा प्रति सेंटीमीटर दर्ज किया गया। कानपुर बैराज से सोमवार को रिकॉर्ड पानी छोड़े जाने के बाद काशी में गंगा के जलस्तर में बढ़ाव की आशंका जताई गई थी और सोमवार रात बढ़ोतरी शुरू हो गई थी। मंगलवार सुबह जलस्तर 63.58 मीटर था तो रात 12 बजे 63.78 मीटर पहुंच गया। घाट किनारे के इलाकों में आपदा प्रबंधन के साथ एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें भी सक्रिय हो चुकी हैं। नाविकों ने भी अपनी नावों को किनारों पर सुरक्षित बांध दिया है।