एक घाट चलो चलें मोदी के साथ' अभियान का आगाज
- फोटो : अमर उजाला
गंगा दशहरा के पर्व पर वाराणसी के गंगा तट पर 'एक घाट चलो चलें मोदी के साथ' अभियान का आगाज हुआ। अभियान का उद्देश्य अविरल-निर्मल गंगा के संकल्प को साकार करना है। दशाश्वमेध घाट पर अभियान का शुभारंभ मां गंगा की आरती से हुआ। काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए अविरल निर्मल गंगा का संकल्प दिलाया।
गंगा निर्मलीकरण की कामना से गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया। नमामि गंगे के सदस्यों ने गंगा आरती और संकल्प के बाद गंगा तलहटी की सफाई की। सदस्यों को गंगा तलहटी की सफाई करते देख कई और लोग भी स्वच्छता में जुट गए। संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि अभियान का संकल्प मां गंगा को प्रदूषण मुक्त कराना है।
अभियान के तहत जन जागरण व स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दशाश्वमेध घाट से शुरू यह अभियान दिन प्रतिदिन आगे बढ़ेगा। मां गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के उद्देश्य से गठित नमामि गंगे के बैनर तले शुरू 'एक घाट चलो चलें मोदी के साथ' अभियान से जन-जन को जोड़ने की कोशिश की जाएगी।