रोहनिया। माधोपुर स्थित शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर के गंगा घाट पर दोस्त के साथ स्नान करते समय रविवार को 26 वर्षीय एमटेक छात्र आशीष रंजन की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। महमूरगंज क्षेत्र निवासी उत्कर्ष ने बताया कि आशीष उसका दोस्त था और दोनों दो दिन पहले ही भोपाल से बनारस आए थे। रविवार को आशीष को अपने घर जाना था। इस बीच आशीष उससे लगातार गंगा स्नान की बात कर रहा था। शनिवार को दोनों सामने घाट गए थे तो वहां भी आशीष ने गंगा नहाने की इच्छा जताई थी तो उत्कर्ष ने मना कर दिया था। रविवार की दोपहर आशीष, उत्कर्ष, आकाश और नितेश शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर घाट पहुंचे और गंगा में नहाने लगे। इसी दौरान आशीष गहरे पानी मे चला गया और डूबने लगा। उत्कर्ष ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पाकर बनारस में रहने वाले आशीष के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे। उधर, आशीष की मौत की सूचना पाकर उसके पिता विनोद कुमार परिजनों संग बनारस के लिए रवाना हो गए।