वाराणसी। गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 12 सेंटीमीटर तक बढ़ा है। गंगा में बढ़ोत्तरी ने नाविकों की चिंता को भी बढ़ा दिया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार को गंगा का जलस्तर 59.79 मीटर दर्ज किया गया। वहीं रविवार की शाम को गंगा का जलस्तर 59.67 मीटर था। पहाड़ों पर हो रही बरसात के कारण गंगा के मैदानी क्षेत्र में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। फाफामऊ से लेकर बलिया तक गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी निरंतर जारी है। हालांकि मिर्जापुर में पिछले 24 घंटे से ठहराव बना हुआ है। रविवार को बढ़ाव थमने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन देर रात से बढ़ोतरी फिर तेज हो गई। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार को सुबह 9 बजे गंगा का जलस्तर वाराणसी में 59.74 मीटर, गाजीपुर में 53.5, बलिया में 50.11 और मिर्जापुर में 64.57 मीटर था। शाम को पांच बजे वाराणसी में 59.79 मीटर, गाजीपुर में 53.53, बलिया में 50.14 और मिर्जापुर में 64.57 दर्ज किया गया।