सेवापुरी। ग्राइंडर एप से लोगों को जाल में फंसाकर लूटने वाले गिरोह का कपसेठी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तीन आरोपियों नितिन सिंह, अभय मिश्रा उर्फ खलनायक और हर्ष दुबे को पुलिस ने रविवार रात कुरु तिराहे के पास गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन और 31900 रुपये भी बरामद किए। गिरोह सुनसान जगहों पर लोगों को बुलाकर मारपीट करता था और वीडियो बनाकर पैसे वसूलता था। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार निवासी नितिन सिंह, बड़ागांव थाना क्षेत्र के शेरवानीपुर निवासी अभय मिश्रा उर्फ खलनायक और कपसेठी थाना क्षेत्र के बरकी निवासी हर्ष दूबे है। यह कार्रवाई ऑपरेशन साइ-वज्र अभियान के तहत की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ग्राइंडर एप पर लोगों से बातचीत करते थे। फिर उन्हें इसरवार श्मशान घाट के पास एक कमरे में बुलाते थे। वहां पीड़ितों के साथ मारपीट करते और उकमरे में बंद कर वीडियो बनाते थे। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल के जरिये धनराशि स्थानांतरित करा लेते थे। 10 अगस्त को प्रेम कुमार मौर्या से 20000 रुपये वसूली गई। 24 जून को किशन गुप्ता से भी 11900 रुपये वसूले गए। संवाद