प्रमुख सचिव ने कहा कि पुलिस को अपनी यूनिफार्म, वाहन और कार्यप्रणाली इतनी स्मार्ट रखनी होगी कि मेहमानों को अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग का एहसास हो। सम्मेलन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचारित व प्रसारित करने के लिए छात्र-छात्राओं का सहारा लिया जाएगा। मंडलायुक्त ने बताया कि एयरपोर्ट पर मेहमानों के स्वागत के बाद रास्ते में जयपुरिया स्कूल, अतुलानंद चौराहे पर स्वागत किया जाएगा।
मंडलायुक्त की ओर से प्रोटोकाल समिति की समीक्षा में एडीएम प्रोटोकॉल ने बताया कि अभी तक 34 देशों व संगठनों के कुल 80 डेलीगेट्स के अनुमोदन आ चुके हैं। प्रमुख आयोजक स्थलों जिसमें होटल, टीएफसी, सारनाथ आदि के सुरक्षा के प्रबंध की जानकारी भी ली गई।
वाराणसी शहर में खुले में पेशाब करने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, पान खाकर थूकने वाले कुल 21 लोगों से 6.5 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। अवैध तरीके से होर्डिंग, बैनर, पोस्टर लगाने वाले 60 लोगों पर 80 लाख का जुर्माना लगाया गया। इनसे जुर्माना वसूली की कार्रवाई शुरू की गई। नगर आयुक्त शिपू गिरी ने कहा कि कोई भी पोस्टर आदि चिपकाकर शहर को गंदा करेगा तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। शहर में गंदगी फैलाने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।