गौराबादशाहपुर कस्बे के पास स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया जिवली शाखा की एक खाताधारक के खाते से जालसाजों ने 90 हजार रुपये उड़ा दिया। महिला के अंगूठे का क्लोन बनाकर आधार ट्रांजेक्शन के जरिए नौ दिन में जालसाजों ने उसके खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। महिला जब शनिवार को अपने खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंची तो खाते का बैलेंस चेक करते ही उसके होश उड़ गए। उसने बैंक में प्रार्थना पत्र देकर खाता के संचालन पर रोक लगवा दी। बरदह थाना क्षेत्र के उदियावा गांव निवासी शीला पत्नी हरिश्चंद्र राजभर का यूनियन बैंक आफ इंडिया जिवली में खाता है। शीला अपने खाते से आधार कार्ड के जरिए लेनदेन करती थी। किसी तरह से जालसाजों ने उनके अंगूठे का निशान ले लिया। इसका क्लोन बनाकर 26 अप्रैल से पांच मई के बीच कुल 9 बार में इनके खाते से दस-दस हजार करके कुल 90 हजार रुपये निकाल लिए। जब शीला शनिवार को अपने बेटे राजकुमार के साथ घर बनवाने के लिए खाते से पैसे निकालने आई तो खाते का बैलेंस देखकर होश उड़ गए। बचे हुए पैसों को उन्होंने तत्काल अपने बेटे के खाते में ट्रांसफर करवा दिया। महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।