वर्क फ्रॉम होम का ऑफर देकर जालसाजों ने भेलूपुर थाना क्षेत्र की जगन्नाथपुरी कॉलोनी निवासी अनिरुद्ध मित्रा को 16 लाख 66 हजार 775 रुपये की चपत लगा दी। प्रकरण को लेकर अनिरुद्ध मित्रा की तहरीर के आधार पर सारनाथ स्थित साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अनिरुद्ध मित्रा ने बताया कि वेब डियू कंपनी का प्रतिनिधि खुद को बताते हुए मोनिका ने उन्हें व्हाट्स ऐप मैसेज किया था। मैसेज से बताया कि वर्क फ्रॉम होम करना है। इसके तहत दिन भर में 21 टास्क पूरे करने होंगे और प्रति टास्क 60 रुपये मिलेंगे। उसका उदाहरण देते हुए तीन टास्क उन्होंने पूरा कराया और 180 रुपये उनके खाते में आ गया। इसके बाद मोनिका ने टेलीग्राम ऐप पर कंपनी की वेबसाइट बताते हुए आमंत्रित किया। वहां सीता कुमारी और राहुल शर्मा से संपर्क कराया गया। 2000 रुपये में अकाउंट खुलवा कर 2800 रुपये उन्हें भेजा गया। इसके बाद उन्हें झांसे में लेकर कम से कम 5000 रुपये का निवेश करने को कहा गया और बदले में 7500 रुपये देने की बात कही गई। हालांकि 7500 रुपये उन्हें नहीं मिले। अनिरुद्ध ने बताया कि वह जालसाजों के झांसे में इस कदर आ गए थे कि वह जितना कहते गए उतना वह निवेश करते गए। इस तरह से उन्होंने 16 लाख 66 हजार 775 रुपये की चपत लगा दी गई। फाइनल रिफंड की बारी आई तो उनसे 725048 रुपये और मांगा गया। इस पर उन्हें लगा कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है और उन्होंने साइबर क्राइम थाने की पुलिस से संपर्क किया।