इस पर चितईपुर थाना प्रभारी ने सुंदरपुर चौकी प्रभारी ईश्वर दयाल दुबे और दरोगा जंगबहादुर यादव की टीम के साथ छापा मार कर चारों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चितईपुर क्षेत्र के अलावा लालपुर पांडेयपुर और रामनगर क्षेत्र में भी उचक्कागिरी की दो घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
भिखारीपुर से मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी मिर्जामुराद दीपक कुमार राणावत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में खुटहां दानगंज का चंद्रप्रकाश यादव और प्रतापपुर का सुरेंद्र कुमार पाल, काली प्रसाद व कमलेश राजभर शामिल है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बहन की शादी में रुपये की जरूरत बता कर एक व्यक्ति ने अपना वाहन पांच लाख रुपये में दोस्त को बेच दिया। इसके बाद फाइनेंस कंपनी के मैनेजर की मदद से गाड़ी और रुपये हड़प लिया। इस मामले में कैंट थाने की पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। ज्ञानवापी स्थित मुरली गली चौक निवासी शिवांक केसरी ने कैंट थाने की पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि उनके दोस्त सिद्धगिरी बाग निवासी अमित सेठ ने 23 नवंबर 2021 को फाइनेंस की हुई अपनी कार को बहन की शादी में पैसे की जरूरत का हवाला देकर पांच लाख में बेचने की बात कहा।
तय हुआ कि समय से किश्त अदायगी कर लोन चुकाने के बाद वाहन ट्रांसफर किया जाएगा। तीन लाख 70 हजार रुपये नगद और बाकी चेक के माध्यम से भुगतान करने के बाद अमित की नीयत खराब हो गई। उसने फाइनेंस की गई कार को कंपनी के मैनेजर राजेश सिंह से साठगांठ कर किश्त बकाया होने की बात कही। इसके साथ ही कार को फाइनेंस कंपनी द्वारा खड़ा करा लिया गया। इसके बाद फाइनेंस कंपनी ने कार अमित सेठ को दे दी। कार के लिए जब वह अमित के घर गया तो उसे गाली देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया गया। शिवांक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने बीते 12 फरवरी को चोरी की आठ बाइक के साथ गिरफ्तार दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी ने बताया कि गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना के बहुआरा निवासी विश्वनाथ प्रसाद और भुड़कुड़ा थाना के शाहपुर निवासी महेंद्र यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दोनों जिला जेल में बंद हैं।
कपसेठी थाना क्षेत्र के पूरे बरियार गांव में सरकारी शौचालय बनवा रहे एक व्यक्ति को पड़ोसियों ने अपनी जमीन बताकर पीट दिया। पीड़ित की तहरीर पर तीन के खिलाफ कपसेठी थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरे बरियार गांव के विनोद कुमार पटेल अपने घर के पास की जमीन पर शौचालय का निर्माण करा रहे थे। विनोद के अनुसार उनके पड़ोसी रंग बहादुर पटेल सहित तीन लोग अपनी जमीन बता कर निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने विनोद की पिटाई कर दी।
दीनदयाल अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा शराब पीकर मरीज की तीमारदार के साथ छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर स्थित चौकी के प्रभारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दीनदयाल अस्पताल के मेडिकल वार्ड में शनिवार की देर रात एक मरीज के साथ एक विवाहिता भी देखरेख के लिए मौजूद थी। महिला के अनुसार, देर रात अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने उससे छेड़खानी की। विरोध करने और शोर मचाने पर अन्य मरीजों के परिजनों ने कर्मचारी की जमकर पिटाई की। साथ ही, सूचना अस्पताल में स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी को दी।