रखौना स्थित रिंग रोड अंडरपास के पास शनिवार की रात ट्रक चालक को मारपीट कर अगवा करने के चार आरोपियों को पुलिस ने क्षेत्र के गुड़िया से गिरफ्तार किया। ट्रक चालक से लूटे गए 12 हजार रुपये भी बरामद किए गए।
हरियाणा के नुहु जनपद स्थित पुनहना थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी सद्दाम के अनुसार, वह ट्रक लेकर प्रयागराज की तरफ जा रहा था। इस बीच कार सवार चार युवकों ने ट्रक को ओवरटेक कर रोका और केबिन से खींचकर जेब से 12 हजार रुपये लूट लिए। साथ ही 50 हजार की और मांग करने लगे। असमर्थता जाहिर करने पर अगवा कर प्रयागराज की तरफ ले जाने लगे। ट्रक के खलासी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मिर्जामुराद पुलिस ने कार का पीछा कर मिर्जामुराद के बार्डर गुड़िया क्षेत्र से बरामद किया। थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपियों में धीरज कुमार, निखिल सिंह, बबलू पांडेय और श्रवण कुमार सभी बिहार के आरा स्थित भोजपुर के रहने वाले हैं। इनके पास से लूट की रकम और एंटी करप्शन सोसायटी से संबंधित कार्ड बरामद हुआ। सभी का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।