शिखर सम्मेलन से पहले सुधारी जाए शहर की सूरत
जी-20 के शिखर सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव डा. दुर्गाशंकर मिश्र ने वर्चुअल बैठक की। उन्होंने मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा और जिलाधिकारी एस राजलिंगम को इस आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने बदलती काशी की ऐसी तस्वीर दिखाई दे कि पूरी दुनिया में इसकी चर्चा हो।
पूरे शहर में उत्सव का माहौल बनाया जाए और आयोजन से पहले सड़क, सफाई, लाइटिंग आदि की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए।
इसके बाद मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि इस कार्यक्रम के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त कर ली जाए। स्वच्छ सर्वेक्षण व इज ऑफ लिविंग इंडेक्स में बनारस की रैंक सुधारने के लिए सभी उपाय किए जाएं। शहर में दीवारों पर चित्र, फसाद लाइटिंग, सफाई पर काम करने का निर्देश भी दिया। बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, पुलिस आयुक्त अशोक मुथा जैन, पुलिस उपायुक्त, एडीएम प्रोटोकॉल, अपर नगर आयुक्त आदि अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सारनाथ में स्तूप पर जी-20 की प्रदर्शनी
सारनाथ में धम्मेख स्तूप पर चलने वाले लेजर शो में जी-20 के आयोजनों की सूचना प्रसारित की जा रही है। लाइट एंड साउंड शो में भारत को मिली मेजबानी की जानकारी दी जा रही है।