दूसरे दिन भी ग्रामीण इलाकों में छाई रही धुंध
वाराणसी। मंगलवार की तरह बुधवार को भी जिले के ग्रामीण इलाकों में सुबह धुंध छाई रही। इससे लोगों को सड़क पर चलने में सतर्कता बरतनी पड़ी। रोहनिया, कछवा, चोलापुर इलाके के कई गांवों में सुबह 11 बजे के बाद धुंध छटी। इधर दिन में हवा में नमी बने रहने के साथ ही बादलों की आवाजाही भी रही। इसी कारण धूप भी बहुत अधिक असरदार नहीं रही। बुधवार की शाम को ठंड अन्य दिनों की तुलना में कुछ अधिक महसूस हुई। अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। धुंध दिखने के पीछे की मुख्य वजह पर्यावरण प्रदूषण रही। इधर शहरी क्षेत्र में धूल का कण पीएम 2.5 बढ़कर 100 के पार पहुंच गया। जो कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को दर्शाता है। ब्यूरो