काशी में लोक-आस्था के महापर्व छठ पर आधारित बीएचयू के कलाकारों की पहली सोलो चित्रकला प्रदर्शनी लगी। हैदराबाद गेट स्थित अनाहता आर्ट गैलरी में ''''पावन अरघ: एक कला-साधना'''' का शुभारंभ किया गया। अनाहत आर्ट गैलरी में मंगलवार को कैनवास पर लोक-संस्कृति उकेरी गई। नहाय-खाय, खरना, और सूर्य उपासना के कई आयामों को बहुत लाइव रंगों और अनोखी शैली में प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र ने डॉ. नेहा सिंह की इस कला प्रदर्शनी की सराहना की। डॉ. शांति स्वरूप सिन्हा ने कहा कि ऐसे कलाकारों के कलाकृतियों के प्रचार प्रसार से ही हम अपनी संस्कृति और सभ्यता को संजो के रख सकते हैं। बीएचयू के प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि कला के माध्यम से संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करें। यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी चार और पांच नवंबर को भी सुबह 11:00 बजे से शाम पांच बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।