विश्वविद्यालय परिसर में हेलीपैड के पास रविवार को किसी ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। धुएं की वजह से सीरगोवर्धनपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। रविवार को लोगों ने चक्का जाम लगाया था। जिसके बाद तुरंत कार्रवाई का आश्वासन मिला था, लेकिन सोमवार सुबह तक कुछ नहीं हुआ। दोपहर में दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और किसी तरह आग को बुझाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में हेलीपैड के पास गोशाला है। यहीं पर कूड़े का ढेर लगा है। बताया जा रहा है कि रविवार को ही किसी ने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। उधर, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर महासचिव अमन यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कूड़े में आग लगाई गई। धुएं से सीर गोवर्धनपुर, छतरपुर, भगवानपुर आसपास के गांव में सांस लेना मुश्किल हो गया है। इस घटना से ग्रामीणों में बहुत नाराजगी है। अमन ने चेतावनी दी कि जल्द से जल्द अगर इस कूड़े का उचित प्रबंध नहीं किया गया तो धरना देने के लिए बाध्य होंगे।