मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा गूगल मीट से की। उपायुक्त स्वत: रोजगार को निर्देशित किया कि बैंकों में प्रेषित पत्रावलियों के निस्तारण के लिए समन्वय कर 15 जून तक पूरा कराएं। जो शाखा प्रबंधक शासन की उच्च प्राथमिकता के कार्यों में सहयोग न करें उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। सीडीओ ने अब तक हुई प्रगति पर रोष व्यक्त कर प्रत्येक माह में वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष लक्ष्य पूरा करने को कहा। समूह गठन, खाता खोलने एवं क्रेडिट लिंकेज की प्रगति को बढ़ाने का निर्देश दिया। आईसीडीएस विभाग के साथ समन्वय कर राशन वितरण के कार्य की समीक्षा की। राशन वितरण कार्य को भी दो दिन में शत प्रतिशत पूरा कराने को कहा। बिजली विभाग से समन्वय कर अधिक से अधिक महिलाओं को आजीविका के कार्य से जोड़ने को कहा। पोर्टल पर दो दिन के भीतर उनके पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए। सीडीओ ने कहा कि जिन विकास खंडों की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं है, वहां के ब्लॉक मिशन प्रबंधक के विरुद्ध कार्रवाई करें। साथ ही उनका मई का मानदेय बाधित करने का निर्देश दिया। मिशन से संबंधित सभी कार्यों की प्रगति को संबंधित पोर्टल पर शत- प्रतिशत दर्ज करने को कहा। इसके लिए सभी जिला मिशन प्रबंधकों व ब्लॉक मिशन प्रबंधकों को निर्देशित किया गया।