वाराणसी। भोजूबीर के उर्मिला कटरा निवासी सीमेंट कारोबारी असीम सिंह ने पंचक्रोशी मार्ग, गिलट बाजार निवासी शुभम जायसवाल, उसके पिता रमेश जायसवाल और धर्मराज यादव पर आपूर्ति की 1.21 लाख रुपये की रकम नहीं देने और धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर कैंट पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असीम सिंह के मुताबिक, शुभम की जय दुर्गा बिल्डिंग मटेरियल्स के नाम से दुकान है। शुभम ने व्हाट्सएप से सीमेंट का ऑर्डर दिया था। 1,21,100 रुपये की 360 बोरी सीमेंट दुकान पर भेजी गई। बाद में ऑर्डर निरस्त करने का संदेश भेजा गया और रकम का भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि एक अगस्त की शाम रमेश जायसवाल, धर्मराज यादव के साथ उनके कार्यालय पहुंचे और रकम भूल जाने के साथ 54 हजार रुपये रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर धमकी देने का आरोप है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो