मिट्टी में शामिल हुए बुनकर और शहर के गणमान्य
- फोटो : अमर उजाला
बुनकर बिरादराना तंजीम बाइसी के सरदार हाजी अब्दुल कलाम को शनिवार को सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान काफी संख्या में बुनकर अपना काम बंद करके उनकी मिट्टी में शामिल हुए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पत्र भेजकर बाइसी के सरदार के निधन पर शोक जताया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने राष्ट्रीय महासचिव का पत्र परिजनों को सौंपा। प्रियंका गांधी ने अपने पत्र में कहा है कि हाजी अब्दुल कलाम के निधन से मुझे बहुत कष्ट हुआ है। शनिवार को हाजी अब्दुल कलाम के वाराणसी के अर्रा स्थित खानदानी कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया।
इस मौके पर बाइसी तंजीम के कार्यवाहक सरदार गुलाम मोहम्मद उर्फ दरोगा अपनी पूरी काबीना के साथ मौजूद थे। सभी ने अपनी नम आंखों से उनको सुपुर्द ए खाक किया। हिंदू और मुस्लिम बड़ी तादाद में सरदार साहब को मिट्टी देने पहुंचे।
जनाजे की नमाज सरदार साहब के बड़े पुत्र स्वालेह अंसारी ने पढ़ाया। पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। अंतिम यात्रा में हाजी मंजूर, हाजी हाफिज नसीर, पूर्व विधायक अजय राय, सरदार मकबूल हसन आदि मौजूद रहे।