हैंडटेक्स फेस्ट के मंच पर दिखा फैशन का जलवा आईआईएचटी में हुआ कार्यक्रम, छात्राओं ने बटोरीं तालियां संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हैंडलूम टेक्नोलॉजी (आईआईएचटी) चौकाघाट में हैंडटेक्स फेस्ट के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को फैशन शो हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही फैशन शो ने फेस्ट में उमंग और उल्लास भर दिया। शुरुआत गीत संगीत से हुई। देसी विदेशी परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने मंच पर अपना जलवा दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर कैटवॉक और फैशन का जलवा गीत से दर्शक दीर्घा में बैठा हर कोई तालियां बजाने पर मजबूर हो गया।
कार्यक्रम में वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, असम, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड फैशन टेक्नालॉजी कानपुर को पहला स्थान मिला। आईआईएचटी ओडिशा को दूसरा और वनिता इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइन वाराणसी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि वस्त्र मंत्रालय के निदेशक एसके झा ने छात्रों के प्रयास की सराहना की। जीआई विशेषज्ञ डॉ. रजनीकांत ने फैशन में प्रयोग किए जाने वाले कपड़ों की सराहना की। इस दौरान आईआईएचटी के निदेशक डॉ. पी थेनारासु ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को सीख मिलती है।