लोहता। बनकट रेलवे क्राॅसिंग के पास मंगलवार की रात ट्रैक पार कर रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना पाकर लोहता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
खपड़हवा गांव निवासी भाईलाल पटेल (65) मंगलवार की रात खाना खाकर घर से अपने खेत में सब्जी की रखवाली करने जा रहे थे। परिवार के लोगों ने बताया कि जब वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, उसी समय वाराणसी से भदोही की तरफ जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चार बेटों और चार बेटियों के पिता भाईलाल के बेटे अनिल पटेल ने बताया कि उनके पिता को कम सुनाई देता था। वहीं, इस संबंध में लोहता थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।