चंदौली में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज पर बेसिक शिक्षा विभाग में अवैध तरीके से नौकरी कर रहे शिक्षक को बीएसए ने शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया। बीएसए ने मुड़हुआ दक्षिणी में तैनात फर्जी शिक्षक अजय प्रजापति के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। अजय देवरिया जिले का निवासी है।
दरअसल, एसआईटी ने फर्जी अभिलेखों के जरिये नौकरी पाने वाले बेसिक शिक्षा परिषद के 76 शिक्षकों को चिह्नित किया था। इसमें चंदौली जिले के चकिया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मुड़हुआ दक्षिणी में तैनात अजय प्रजापति भी शामिल थे। एसआईटी की पड़ताल में इनके शैक्षणिक दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद शासन स्तर से संदिग्ध शिक्षकों की सूची जारी कर संबंधित बेसिक शिक्षा अधिकारियों को सत्यापन का निर्देश दिया गया। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने फर्जी शिक्षक अजय प्रजापति के अभिलेखों का सत्यापन कराया तो इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त स्नातक का शैक्षणिक प्रमाण पत्र गड़बड़ निकला। इसके बाद बीएसए ने अजय प्रजापति को बर्खास्त करते हुए एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फर्जी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही गलत तरीके से उठाए गए वेतन की वसूली भी की जाएगी। रिकवरी नहीं होने पर राजस्व की भांति वसूली की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। फिलहाल फर्जी शिक्षक को जारी वेतन रोका जा रहा है। एसआईटी की जांच लिस्ट में नाम आने के बाद से ही फर्जी शिक्षक विद्यालय नहीं आ रहा था।