विशेश्वरगंज स्थित गल्ला मंडी में बृहस्पतिवार को पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मार कर बाप-बेटे सहित तीन दुकानदारों को ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली रिफाइंड तेल बेचते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों दुकानदारों के पास से 62 टिन रिफाइंड तेल (930 लीटर) बरामद किया है।
विज्ञापन
कोतवाली थाने में तेल कंपनी के लीगल एडवाइजर ने सूचना दी थी कि विशेश्वरगंज गल्ला मंडी में उनके ब्रांड के नाम पर धड़ल्ले से नकली रिफाइंड तेल बेचा जा रहा है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर जब मामले की जांच की तो पता चला कि सप्तसागर निवासी सुजीत कुमार चौरसिया व उसका बेटा आकाश चौरसिया और कतुआपुरा निवासी विकास जायसवाल नकली रिफाइंड तेल बेच रहे हैं। इंस्पेक्टर कोतवाली अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।