आईएमएस बीएचयू और वाराणसी क्लिनिकल हेमेटोलॉजी सोसाइटी की ओर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय हेमेटोलॉजी संगोष्ठी का आयोजन 12 से 14 दिसंबर तक किया गया है। इस दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले विशेषज्ञ खून संबंधी बीमारियों के कारण, उपचार पर मंथन करेंगे। मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो.एलपी मीना ने बताया कि संगोष्ठी में रक्त रोगों से जुड़ी नवीनतम शोध, उपचार और चुनौतियों पर मंथन होगा। संगोष्ठी के पहले दिन का कार्यक्रम ट्रॉमा सेंटर स्थित बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट में आयोजित होगा। बाकी के दो दिन बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में वैज्ञानिक सत्र होंगे। कार्यक्रम के दौरान रक्त कैंसर, एनीमिया, ब्लीडिंग डिसऑर्डर, प्लेटलेट विकार सहित हेमेटोलॉजी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। भारत सरकार की नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) की विशेषज्ञ प्रो. विनीता श्रीवास्तव मुख्य अतिथि होंगी, जबकि आईएमएस बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. वीपी सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे। संगोष्ठी में हेमेटोलॉजी के जनक डॉ. एमबी अग्रवाल, पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी, ओडिशा से डॉ. आरके जीना, कोलकाता से डॉ. तुफान कांती, लखनऊ से डॉ. एके त्रिपाठी होंगे।