यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पूरी हो गई हैं। अब 18 मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा। बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार इस बार हाईस्कूल की कॉपियां जांचने के लिए प्रति कॉपी 14 रुपये और इंटरमीडिएट की कॉपियों को जांचने के लिए प्रति कॉपी 15 रुपये दिए जाएंगे। शिक्षक एक दिन में हाईस्कूल की 50 और इंटर की 45 कॉपी ही जांच सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कापियों के मूल्यांकन का कार्य 25 दिनों में पूरा करना है। यह 18 मार्च से शुरू होकर एक अप्रैल तक चलेगा। समय सीमा निर्धारित होने के कारण प्रत्येक परीक्षकों के प्रतिदिन कापियां जांचने के लिए संख्या निर्धारित की गई है। मूल्यांकन अवधि में हाईस्कूल के परीक्षकों को अधिकतम 700 से ज्यादा कापियां जांचने के लिए नहीं दी जाएंगी। इंटरमीडिएट के परीक्षकों को 600 से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं नहीं दी जाएंगी। कला विषय के जो परीक्षक होंगे उन्हें मूल्यांकन अवधि में ज्यादा से ज्यादा 800 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर सकते हैं।