गृह मंत्रालय के अलर्ट के बाद ब्यूरो आफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी ने देश के सभी हवाई अड्डों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया है।
सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी यह निर्देश प्राप्त हो गया। विशेष सतर्कता के साथ ही एयरपोर्ट पर एंट्री टिकट की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से 12 मार्च तक रोक लगा दिया गया है। अब केवल हवाई सफर करने वाले यात्री ही टर्मिनल भवन में प्रवेश कर सकेंगे।
बाबतपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल प्रबंधक एसके चौहान ने बताया कि सोमवार से ही एंट्री टिकट की बिक्री रोक दी गई है। सुरक्षा में तैनात जवान भी सतर्क हो गए हैं। हर आने-जाने वाले की तलाशी ली जा रही है। मालूम हो कि गुजरात के रास्ते देश में घुसे दस पाकिस्तानी आतंकियों की खुफिया जानकारी के बाद गृह मंत्रालय ने देश के सभी हवाई अड्डों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया है। इन हवाई अड्डों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है जहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं।