रामनगर औद्योगिक क्षेत्र सड़क निर्माण का काम शनिवार को पूरा हुआ। उद्यमियों ने लोक निर्माण विभाग पर आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र में सड़क का निर्माण विभाग को करवाना था, लेकिन अफसर टालते रहे। उद्यमियों ने खुद पैसे खर्च कर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य प्रवेश मार्ग की सड़क बनवाई।
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने बताया कि काफी दिनों से खराब पड़े मुख्य मार्ग की मरम्मत की मांग की जा रही थी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कई बार कहने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। बरसात में उद्यमियों की गाड़ियां औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पा रही थीं। अक्सर गड्ढे और दलदल में फंस कर वाहन पलट जाते थे। इस सड़क को पीडब्ल्यूडी ने पांच माह पहले बनवाया था। गुणवत्तापूर्ण काम न होने से सड़क खराब हो गई। उद्योग बंधु की बैठक में भी समस्या उठाई गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ। वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रेश्वर जायसवाल सहित अन्य उद्यमियों ने सड़क बनवाने में सहयोग किया। इस दौरान पंकज बिजलनी, राजेश जायसवाल, अजय राय, राकेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।