महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नए सत्र में दाखिले के लिए मंगलवार को हुई बीए प्रवेश परीक्षा में 938 सीटों के लिए 5,274 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की। विश्वविद्यालय कैंपस और उसके बाहर बने सात केंद्रों पर सुबह 8 से 10 बजे तक हुई परीक्षा में 1,290 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। उधर, परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यापीठ के बाहर जाम लग गया।
इस बार सबसे अधिक बीकॉम की 157 सीटों के लिए 6,717 आवेदन आए, जबकि बीए के लिए 6,564 ने आवेदन किया था। बीएससी मैथ में 175 सीटों के लिए 3,036, बायो में 60 सीटों के लिए 2,250 ने दावेदारी की।
कुलसचिव डॉ. साहब लाल मौर्य के निर्देशन में मंगलवार को बीए, एमपीएड सहित चार पाठयक्रमों की प्रवेश परीक्षा कराई गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम हर हाल में 30 जून तक जारी करने की तैयारी है, ताकि जुलाई के पहले सत्र से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कराई जा सके।