वाराणसी। विधानसभा चुनाव से पहले ही एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को झटका लगा है। कचहरी स्थित एआईएमआईएम के जिला कार्यालय पर प्रदेश सचिव अमान अख्तर की अगुवाई में पूरी जिला इकाई ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष जाहिद खान, प्रदेश सचिव यूथ अमान अख्तर, जिला संगठन मंत्री माजिद सिद्दिकी और महिला जिला अध्यक्ष कैसर जहां ने 20 पार्टी नेताओं के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस की ओर से अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेश चेयरमैन शहनवाज आलम ने उन्हें सदस्यता दिलाई। शहनवाज आलम ने कहा कि पिछले दो साल से कांग्रेस के कार्यकर्ता जिस तरह से प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि नौजवान व हर वर्ग कांग्रेस की तरफ देख रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, इमरान खान, सरिता पटेल, मकसूद खान, फसाहत हुसैन बाबू, हाजी ओकास अंसारी, हसन मेंहदी कब्बन मौजूद रहे।