वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार के पास बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया। रेलवे सुरक्षा बल, स्वास्थ्य और यातायात निरीक्षकों के साथ ही कैंटोंमेंट बोर्ड की टीम ने प्रवेश द्वार के पास लगने वाले ठेले, खोमचे और दुकानों को हटवाया। बृहस्पतिवार दोपहर संयुक्त टीम जैसे ही पहुंची, दुकान लगाने वाले लोग इधर उधर जाने लगे। कैंट स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि सीईओ केंटोंमेंट सत्यम मोहन से पिछले दिनों बातचीत कर एक संयुक्त टीम गठित की थी। कैंटोनमेंट क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में आने वाले भूखंड पर चल रहे अवैध ठेले और अतिक्रमण को हटवाया गया। बताया कि अवैध रूप से लगने वाले ठेलों से स्टेशन का मार्ग अवरुद्ध होता था। दूसरी ओर फैलाए जा रहे कचरे से सफाई प्रबंधन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। इस दौरान आरपीएफ के उप निरीक्षक विकास कुमार के साथ ही बृजेश चंद्र पांडेय और कैंटोंमेंट बोर्ड से सचिन कुमार व अजय कुमार मौजूद रहे। ब्यूरो