इंदारा। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर सदर तहसील क्षेत्र के मीरपुर गोधना स्थित सार्वजनिक जमीन पर किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन ने सोमवार को ढहा दिया। अतिक्रमण ढहाए जाने से सार्वजनिक जमीनों पर अतिक्रमण करने वाले अतिक्रमण सहम गए। कोपागंज ब्लाक क्षेत्र की शाहपुर ग्रामसभा की पहसा पश्चिमी चट्टी से सटे मौजा मीरपुर गोधना में खलिहान की भूमि पर 22 लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर उस पर मकान बना लिया था। उच्च न्यायालय के आदेेश पर पुलिस बल के साथ राजस्व विभाग की टीम सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे पहंुची।
जांच पड़ताल पूरी होने पर तहसीलदार उमेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार अनुराग सिंह, राजस्व निरीक्षक सत्येंद्र मिश्रा, रामकृति सिंह, राजेश सिंह लेखपाल, पेशकार कुमार, अखिलेश पासवान, राहुल, अभिषेक पटेल चौकी प्रभारी लाल साहब सहित भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण ढहाना शुरू किया गया।
राजस्व विभाग ने जेसीबी से 13 लोगों के मकानों को ध्वस्त करा दिया। लगभग तीन घंटे तक जेसीबी लगातार चलती रही। सार्वजनिक जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को ढहाए जाने से क्षेत्र के आसपास गांवों में सार्वजनिक जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने वाले लोग भी सहम गए हैं।