प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. पीके मिश्रा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अफसरों के साथ भविष्य के बनारस की रूपरेखा पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि ऐसा एक्शन प्लान बनाया जाए कि धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की असीम संभावनाओं वाले शहर काशी के बाहरी इलाकों का भी सुनियोजित तरीके से विकास हो सके। काशी में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों, इसकी व्यवस्था बनाई जाए।
प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव ने शुक्रवार को अपने दौरे की शुरुआत नगवा स्थित रविदास घाट से की है। उन्होंने रविदास घाट को पर्यटन और जल परिवहन के अत्याधुनिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने रोप-वे परियोजना, सिगरा स्थित सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर व रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और निर्माणाधीन सिगरा स्टेडियम का निरीक्षण किया। नमो घाट के फेज-एक व फेज-दो और सारनाथ में किए जा रहे पर्यटन विकास के कार्यों की जानकारी ली। सारनाथ भ्रमण के दौरान उन्होंने म्यूजियम, पुरातात्विक साइट और लाइट एंड साउंड शो भी देखा। वाराणसी एयरपोर्ट पर निदेशक ने चार्ट के माध्यम से प्रमुख सचिव को विस्तारीकरण और भविष्य के प्लान के बारे में जानकारी दी। साथ ही निकट भविष्य में किए जाने वाले भूमि अधिग्रहण के संबंध में बताया गया।
उन्होंने अफसरों से रिंग रोड के विस्तार की संभावना तलाशने के साथ ही उसके किनारे औद्योगिक आस्थान और टाउनशिप की स्थापना के बिंदुओं पर चर्चा की। साथ ही, एनसीआर की तर्ज पर प्रस्तावित वृहद बनारस (वाराणसी और आसपास के जिलों को मिलाकर) के संबंध में मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा से रिपोर्ट देने को कहा।
सुगम यातायात पर और कनेक्टिविटी पर फोकस करें
प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव ने कहा कि घनी बसावट वाले शहर बनारस में सुगम यातायात के लिए नगर निगम, वीडीए, पुलिस और जिला प्रशासन के साथ ही अन्य विभाग सुनियोजित तरीके से एकसाथ काम करें। जो भी एक्शन प्लान बनाया जाए, उसके संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही शहर के संभ्रांत नागरिकों से भी रायशुमारी जरूर की जाए। शहर व्यवस्थित नजर आए, इसके मद्देनजर ठेला-पटरी व्यापारियों के लिए वेंडिंग जोन को प्राथमिकता पर रख कर ठोस काम किया जाए। नई परियोजनाओं के लिए स्थान का चयन करने के दौरान सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी का ध्यान जरूर रखा जाए।
-
बायो कैंपेस्ड प्लांट का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव ने शहंशाहपुर स्थित अदाणी समूह द्वारा संचालित बायो कैंपेस्ड प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में पौधरोपण किया। साथ ही, स्थानीय किसानों और ऑटो चालकों से प्लांट से मिलने वाले लाभ पर चर्चा की। स्थानीय किसानों ने उन्हें बताया कि प्लांट से मिलने वाली खाद से उर्वरकों पर उनकी निर्भरता कम हुई है और गोबर की बिक्री से आमदनी के स्रोत उपलब्ध हुए हैं। ऑटो चालकों ने बताया कि गैस के उपयोग से उनके वाहनों का माईलेज 10 प्रतिशत बढ़ गया है।