मनियर। क्षेत्र के रानीपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर बड़े पैमाने पर घटतौली की जा रही है। सोमवार को ग्रामीणों ने घटतौली की शिकायत टोल फ्री नंबर पर और विभागीय अधिकारियों से की।
क्षेत्र के देवरार निवासी कन्हैया राजभर पुत्र सुखबीर राजभर अपने दोस्त सोनू साहनी के साथ रानीपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिए गया था। जहां उसने डेढ़ सौ रुपये का पेट्रोल लिया। मीटर में कम पेट्रोल देने की शिकायत की तो कई ग्राहक वहां खड़े होकर घटतौली की शिकायत करने लगे। ग्राहकों ने पंप के कर्मचारियों से घटतौली की जांच करने के लिए कहा। इस पर कर्मचारियों ने जार में 500 मिली पेट्रोल डाला जिसमें लगभग 50 एमएल पेट्रोल कम मिला। इसके बावजूद पेट्रोल पंप के कर्मचारी घटतौली से इनकार करने लगे। इसे लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों एवं ग्राहकों की झड़प हो गई। कुछ ग्राहकों ने पूरे प्रकरण का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी डाल दिया। मौके पर उपस्थित ग्राहकों ने इंडियन आयल के एरिया मैनेजर पर फोन भी मिलाया लेकिन अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने के बाद कंपनी के टोल फ्री नम्बर पर शिकायत की। इसके बाद, इसकी शिकायत डीएसओ एवं आइओसी के अधिकारियों से की। इस बाबत इंडियन ऑयल कारपोरेशन के एरिया मैनेजर संदेश से शिकायत करने पर कहा कि जार में कुछ कम मात्रा में पेट्रोल आता है। पांच लीटर वाले गैलन से जांच करानी होगी, तब जाकर सही मात्रा पकड़ में आएगी।