अंबारी। बिजली विभाग की उदासीनता के कारण दरियापुर में विद्युतीकरण नहीं हो पा रहा है। जबकि विधायक निधि से इसका बजट पास हो चुका है। इससे गांव के लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है।
फूलपुर ब्लाक के दरियापुर में ग्रामीणों की मांग पर दीदारगंज के विधायक कमलाकांत राजभर ने बीते अगस्त 2022 को विद्युत विभाग को प्रस्ताव बनाकर विधायक निधि से विद्युतीकरण करने का अनुरोध 14 किया था। इस पर विभाग ने स्टीमेट तैयार किया। पांच माह बाद स्टीमेट के अनुसार बजट भी पास हो गया। इसमें पोल, तार व 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति की जानी थी। लेकिन विभाग की लापरवाही और उदासीनता के कारण बजट मिलने के पांच माह बाद भी एक पोल तक नहीं गाढ़ा जा सका है।
ग्रामीण सबस्टेशन गद्दोपुर से लेकर जिला मुख्यालय का चक्कर काट रहे हैं। ग्राम प्रधान विजय प्रकाश, मोहम्मद तारीक आदि ने बताया कि अभी तक विद्युतीकरण का काम पूरा नहीं हुआ है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता फूलपुर अजय मौर्या ने कहा कि यह पुराना प्रकरण है। गांव का कोई जिम्मेदार हो तो मेरे पास आए। अगर विधायक निधि से पैसा मिल गया होगा तो पता करके जल्द से जल्द कार्य करवाया जाएगा।
विधायक निधि से बजट मिल गया है। ठेकेदार द्वारा पोल गिराया गया है। जल्द ही काम शुरू करा कर पोल, तार व ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। - ओम प्रकाश गौतम, अवर अभियंता गद्दोपुर।