काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के विरोध में छात्रों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक भवन में नारेबाजी करते हुए छात्र घुसे और कामकाज ठप करा दिया। इसके बाद पुस्तकालय पहुंचे और इसको भी बंद कराया। छात्रों ने प्रशासनिक भवन चौराहे पर परीक्षा नियंत्रक का पुतला भी फूंका। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बताया कि जिन छात्रों ने पूरी परीक्षा दी है, उनके रिजल्ट में भी उनको अनुपस्थित दिखाया जा रहा है। समस्या का समाधान कराने के नाम पर परीक्षा से जुड़ी एजेंसी के लोगों पर छात्रों से रुपये मांगे जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई छात्र-छात्राओं को एक या दो विषयों में जीरो नंबर मिला है। इसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन विवि प्रशासन की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही। शिवम यादव, करन प्रजापति, जतिन पटेल, आशीष मौर्या, नितेश, अनुज यादव आदि ने 48 घंटे के भीतर परीक्षा परिणाम संबंधी गड़बड़ी दूर की जाए। चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगें पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी।